
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण महा अभियान 2025 की शुरुआत हुई। “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत राज्यभर में 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। राजधानी लखनऊ में इस अभियान की शुरुआत डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कुकरैल जंगल में पीपल, नीम और बरगद के पौधे लगाकर की।
राज्य के हर जिले में चलेगा हरियाली महोत्सव
इस महाअभियान में वन, वन्यजीव और पर्यावरण विभाग के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थाएं, सामाजिक संगठन, सरकारी विभाग और आमजन भी भागीदार बन रहे हैं। अकेले वन विभाग का लक्ष्य 14 करोड़ पौधे लगाने का है। राजधानी लखनऊ को इस अभियान में केंद्रीय भूमिका दी गई है।
ब्रजेश पाठक ने की अपील, “हर व्यक्ति एक पौधा जरूर लगाए”
पौधरोपण के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, “सीएम योगी के आह्वान और पीएम मोदी के निर्देश पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान मातृ समर्पण और पर्यावरण सुरक्षा दोनों का प्रतीक है।” उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अफसरों और आम लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
कुकरैल बना अभियान का मुख्य केंद्र
लखनऊ का कुकरैल जंगल इस बार वृक्षारोपण महाअभियान का मुख्य केंद्र बना। यहां सामाजिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों और सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों ने बड़े पैमाने पर पौधे लगाए। दिनभर हरियाली का उत्सव मनाया गया।
अभियान की लाइव मॉनिटरिंग और फोटो अपलोड की सुविधा
वृक्षारोपण अभियान की प्रगति को मोबाइल और कंप्यूटर पर लाइव ट्रैक किया जा सकता है। प्रतिभागी अपनी पौधारोपण की तस्वीरें https://upforest.gov.in या https://upfd.in/upfdmedia/ पर अपलोड कर सकते हैं।
प्रदेशभर में होंगे ये खास आयोजन
कुकरैल वन क्षेत्र में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम।
अटल वन, एकता वन, ऑक्सी वन जैसी परियोजनाओं की शुरुआत।
सरकारी स्कूलों और कार्यालयों में सहजन के पौधे लगाए जाएंगे।
शहर की सड़कों, पार्कों और नदियों के किनारे पौधरोपण।
13 प्रमुख नदियों और 21,000+ हेक्टेयर भूमि पर पौधे लगेंगे।
1.14 करोड़ पौधे सड़क किनारे, और 2.5 लाख एक्सप्रेसवे के पास।
राजनीतिक बयान भी छाए रहे
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मौके पर बिहार में जंगलराज के लिए RJD और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भाजपा की सरकार विकास और कानून व्यवस्था के एजेंडे पर काम कर रही है। बिहार में राजग की भारी जीत का दावा भी किया।








