लखनऊ: किताबें खरीदकर लौट रहे LLB छात्र की सड़क हादसे में मौत

  • अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास हुआ हादसा
  • गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत
  • मृतक LLB का छात्र, सरोजनी नगर के कॉलेज में पढ़ता था

लखनऊ। अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास  एक दर्दनाक सड़क हादसे में LLB छात्र की जान चली गई। छात्र किताबें खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले सरोजनी नगर सीएचसी और फिर बिजनौर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

नीले रंग की पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर

पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्र की पहचान ऐन गांव निवासी शोभित सिंह के रूप में हुई है, जो सरोजनी नगर के गौरी स्थित एक प्राइवेट कॉलेज में LLB का छात्र था। वह किताबें खरीदने के बाद कानपुर रोड से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ओम लॉजिस्टिक की नीले रंग की पिकअप (UP 27 BT 8223) ने अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास उसे टक्कर मार दी।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, नहीं बची जान

हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत शोभित को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

चालक मौके से फरार, केस दर्ज

मृतक के भाई समीर सिंह ने बताया कि पिकअप चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। इस मामले में सरोजनी नगर थाने में आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और तेज रफ्तार से दुर्घटना करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button