
मुरादाबाद। गुलाबबाड़ी इलाके में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। शराब के नशे में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और देखते ही देखते दो दोस्तों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना कटघर थाना क्षेत्र की है, जहां देर रात तक गुलाबबाड़ी चुंगी पर शराब पी रहे तीन दोस्तों में झगड़ा हुआ और एक युवक ने अपने ही दो साथियों को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक—शहनवाज उर्फ बबलू (35), जुनैद (30) और सारिक देर रात तक शराब की हट्टी के बाहर तख्त पर बैठे थे। इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि सारिक ने चाकू निकालकर जुनैद और शहनवाज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटनास्थल पर शहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जुनैद ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घर से बुलाकर ले गया था दोस्त, बनी जान का दुश्मन
शहनवाज के भाई फईम कुरैशी ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे सारिक उनके घर आया और शहनवाज को अपने साथ ले गया। उसने ही पड़ोसी जुनैद को भी साथ चलने के लिए बुलाया था। तीनों गुलाबबाड़ी चुंगी पहुंचे और शराब पीने लगे। वहीं, बातचीत के दौरान विवाद हुआ और सारिक ने अपने साथ लाया चाकू निकालकर हमला कर दिया।








