अंबेडकर नगर। रामनगर मारपीट प्रकरण में घायल महिला के मेडिकल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी पर आरोप लगाते हुए सर्वण आर्मी ने जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने आलापुर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
मेडिकल प्रक्रिया में देरी का आरोप, लगाए गंभीर सवाल
सर्वण आर्मी का आरोप है कि 22 जुलाई को रामनगर में हुई मारपीट की घटना के बाद घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जहांगीरगंज सीएचसी लाया गया था। घायल महिला की स्थिति को देखते हुए जल्द मेडिकल कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन प्रक्रिया में देरी हुई।
संगठन ने आरोप लगाया कि इस दौरान शिकायतकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बाद में उसी व्यक्ति पर सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा मेडिकल रजिस्टर क्षतिग्रस्त करने जैसे आरोप लगाए गए। संगठन ने इन आरोपों को गलत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
CCTV और दस्तावेजों की जांच पर जोर
ज्ञापन में सीएचसी परिसर के सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और अन्य अभिलेख सुरक्षित रखने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि उपलब्ध वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
सर्वण आर्मी ने घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सुरक्षा गार्ड के बयान दर्ज कराने की भी मांग रखी है।
दस सूत्रीय मांगों के साथ जांच की मांग
सर्वण आर्मी ने पूरे मामले की वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने, सात दिन के भीतर जांच पूरी करने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।









