लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। लखनऊ में परीक्षा के लिए 61,512 अभ्यर्थियों के लिए 129 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली।
सख्त प्रवेश व्यवस्था, देरी पर नहीं मिली एंट्री
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से 8:45 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी गई। इसके बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे गए, जिनमें 1/3 नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया था।
पहली बार AI और लाइव CCTV से निगरानी
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए निगरानी की गई। जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने स्वयं विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर लाइव CCTV स्ट्रीमिंग की गई, ताकि किसी भी गड़बड़ी की तुरंत पहचान हो सके।
अभ्यर्थियों को ठहरने में हुई परेशानी
परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शनिवार शाम को ही लखनऊ पहुंच गए थे। लेकिन रुकने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण कई परीक्षार्थियों को रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पन्नी बिछाकर रात गुजारनी पड़ी।
GS और मॉडर्न हिस्ट्री ने किया परेशान
अभ्यर्थियों के अनुसार, इस बार का जनरल स्टडीज (GS) सेक्शन काफी टफ रहा। कई सवाल संविधान और उत्तर प्रदेश से जुड़े थे।
-
काजल यादव, एक परीक्षार्थी ने बताया, “GS पोर्शन कठिन था, लेकिन मेरा पेपर अच्छा गया। यूपी से जुड़े काफी प्रश्न पूछे गए थे।”
-
वहीं, अमेठी के वसीम अहमद ने कहा, “मॉडर्न हिस्ट्री से जुड़े प्रश्न थोड़े ज्यादा टफ थे। हिंदी सेक्शन में 60 सवाल थे, जिसमें पर्यायवाची और व्याकरण के सवाल कंफ्यूजन वाले थे। कुल मिलाकर पेपर मॉडरेट लेवल का था।”








