अंबेडकरनगर। जनपद के 285 विद्यालयों द्वारा यू-डायस पोर्टल पर अध्यापक और छात्र-छात्राओं का प्रोफाइल डेटा समय से फीड न करने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रवीण कुमार तिवारी ने सभी लापरवाह विद्यालयों को नोटिस जारी करते हुए 27 जुलाई तक की अंतिम चेतावनी दी है।
नहीं सुधरे तो रद्द होगी मान्यता
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि तक संबंधित विद्यालय यू-डायस पर डेटा फीड नहीं करते हैं, तो उनकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी। साथ ही ऐसे विद्यालयों का यू-डायस कोड लॉक कर दिया जाएगा। इस लापरवाही के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक को पूरी तरह उत्तरदायी माना जाएगा।
ब्लॉकवार लापरवाह विद्यालयों की संख्या
बेसिक शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यू-डायस फीडिंग में लापरवाही करने वाले विद्यालयों की संख्या कुछ इस प्रकार है:
अकबरपुर : 37
बसखारी : 40
भीटी : 56
भियांव : 7
जहांगीरगंज : 49
जलालपुर : 29
कटेहरी : 32
रामनगर : 15
टांडा : 20
समय से नहीं हुई छात्र प्रगति की फीडिंग
यू-डायस पोर्टल को 25 जून से चालू किया गया था, और छात्र प्रोग्रेशन यानी स्टूडेंट ट्रांजिशन फीडिंग का कार्य 10 जुलाई तक पूर्ण किया जाना था। लेकिन समयसीमा बीत जाने के बावजूद अब तक 285 विद्यालयों ने कोई डेटा फीड नहीं किया है।
नीतियों की आधारशिला है यू-डायस
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि, “यू-डायस डेटा केंद्र व राज्य सरकार की शैक्षिक योजनाओं और बजट निर्धारण की मूल आधारशिला है। इसकी अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
बीएसए कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे ब्लॉक स्तर पर निरीक्षण कर संबंधित विद्यालयों को फीडिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने में सहयोग करें। निर्धारित समयसीमा तक फीडिंग न होने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।








