
- 3.88 लाख किसानों को मिली योजना की 20वीं किस्त
- 20 हजार से अधिक पात्र कृषक धनराशि से वंचित
- आधार लिंकिंग और खातों की तकनीकी गड़बड़ी बनी वजह
अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त वितरण को लेकर जनपद में जहां एक ओर तीन लाख 88 हजार से अधिक किसानों को लाभ प्राप्त हुआ, वहीं दूसरी ओर बीस हजार से अधिक पात्र कृषक इस बार की किस्त से वंचित रह गए। किसानों को राहत देने के लिए चलाई जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना में विभागीय स्तर पर हुई चूक अब सवालों के घेरे में है।
लाभ से वंचित रह गए हजारों पात्र किसान
जनपद के ग्रामीण अंचलों में बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं, जिनके खाते में 20वीं किस्त की धनराशि नहीं पहुंची। इन किसानों ने समय से ई-केवाईसी पूरा किया था, भूमि अभिलेख भी अपडेट थे, फिर भी धनराशि ट्रांसफर नहीं हुई। संबंधित किसानों ने कृषि विभाग और लेखपालों से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।
आधार सीडिंग, बैंक खातों की त्रुटियां बनीं बाधा
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिन किसानों के खाते में किस्त नहीं आई है, उनमें अधिकांश के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं थे या फिर खातों में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। इसके अलावा कुछ मामलों में लाभार्थियों के भूमि रिकॉर्ड में विसंगति पाई गई, जिसे समय रहते संशोधित नहीं किया गया।








