वॉशिंगटन। अमेरिका में अमेरिकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट में 67 वर्षीय यात्री ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने पहले एक अश्वेत फ्लाइट अटेंडेंट के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और इसके बाद समलैंगिक लोगों को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
यात्री के व्यवहार का पास बैठे एक अन्य यात्री ने विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 67 वर्षीय यात्री ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
तीन यात्रियों ने सीट से बांधा
स्थिति बिगड़ने पर विमान में मौजूद तीन यात्रियों ने मिलकर आरोपी को काबू किया। इसके बाद उसे डक्ट टेप और जिप टाई की मदद से सीट पर बांध दिया गया, ताकि वह दोबारा किसी यात्री को नुकसान न पहुंचा सके।
हंगामे के चलते विमान को अपने तय गंतव्य के बजाय बाल्टीमोर डायवर्ट करना पड़ा। घटना के कारण फ्लाइट में मौजूद यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डलास से नेवार्क जा रही थी फ्लाइट
यह घटना 3 सितंबर की रात अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 618 में हुई। विमान टेक्सास के डलास-फोर्ट वर्थ से न्यू जर्सी के नेवार्क जा रहा था। इसी दौरान यात्री के व्यवहार के बाद विमान का रूट बदलना पड़ा।
यात्री पर दो धाराओं में आरोप
यात्री की पहचान 67 वर्षीय आर्थर लेन लुंडीन के रूप में हुई है। वह एरिजोना का रहने वाला बताया गया है। उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री असॉल्ट और डिसऑर्डरली कंडक्ट के आरोप लगाए गए हैं।









