सोने-चांदी के भाव गिरे

24 कैरेट गोल्ड ₹1.52 लाख पर आया; चांदी भी ₹3,967 सस्ती

सोने-चांदी की कीमतों में आज यानी 7 सितंबर को गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹2,409 घटकर ₹1.52 लाख रह गया है। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत में ₹3,967 की कमी आई और यह ₹2.31 लाख पर पहुंच गई।

इससे पहले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 10 ग्राम सोना करीब ₹1.55 लाख और चांदी ₹2.35 लाख प्रति किलो के भाव पर थी।

शहरों में अलग-अलग क्यों होते हैं सोने के भाव?

देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में अंतर रहने के पीछे कई वजहें होती हैं। इनमें सोने को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का परिवहन और सुरक्षा खर्च भी शामिल है। इसके अलावा स्थानीय मांग-सप्लाई और ज्वेलर्स के पास मौजूद पुराने स्टॉक का खरीद मूल्य भी अंतिम कीमत को प्रभावित करता है।

दक्षिण भारत में सोने की खपत अधिक होने के कारण वहां ज्वेलर्स की खरीदारी का पैमाना भी बड़ा रहता है। इसके साथ ही स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन अपने क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुसार कीमतों में अंतर तय कर सकते हैं।

इस साल सोना करीब ₹19 हजार महंगा

साल 2026 में सोने की कीमत में कुल मिलाकर बड़ी तेजी देखने को मिली है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना करीब ₹1.33 लाख था, जो अब ₹1.52 लाख के आसपास पहुंच गया है। यानी साल की शुरुआत के मुकाबले सोना करीब ₹19 हजार महंगा है।

वहीं, 31 दिसंबर 2025 को चांदी करीब ₹2.30 लाख प्रति किलो थी, जो अब ₹2.31 लाख के आसपास है।

जनवरी में दोनों ने बनाया था रिकॉर्ड हाई

इस साल 29 जनवरी को सोने की कीमत ने करीब ₹1.76 लाख प्रति 10 ग्राम का ऑलटाइम हाई बनाया था। इसी दिन चांदी भी बढ़कर करीब ₹3.86 लाख प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button