
- शिव तारा-नेवरी हुसैनपुर मार्ग पर हालात बदतर
- नहर विभाग के निर्माण के बाद सड़क क्षतिग्रस्त
- बारिश से गड्ढों में भरा पानी, वाहन फंस रहे
रामनगर विकासखंड के शिव तारा ग्राम सभा और उससे सटे नेवरी हुसैनपुर मार्ग पर हालात दिनों-दिन बदतर होते जा रहे हैं। नहर विभाग की ओर से किए गए निर्माण कार्यों के बाद यह मुख्य मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बारिश शुरू होते ही सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क, पहचानना मुश्किल
शिव तारा से नेवरी हुसैनपुर को जोड़ने वाला यह मार्ग पहले ही जर्जर स्थिति में था, लेकिन नहर विभाग की ओर से हाल ही में कराए गए खुदाई कार्यों और पुल निर्माण ने स्थिति को और अधिक बिगाड़ दिया है। सड़क के किनारे खुदाई के दौरान मिट्टी और मलबा बिना समुचित प्रबंधन के छोड़ दिया गया, जिससे मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बन गए।
बारिश बनी आफत, फंस रहे वाहन
बारिश शुरू होने के साथ ही इन गड्ढों में पानी भर गया है। नतीजतन दोपहिया और चौपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन वाहन चालकों को सड़क पर फंसना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बच्चे और बुजुर्ग इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
पुल भी हुए जर्जर, हर वक्त हादसे का खतरा
नहर विभाग द्वारा बनाए गए पुलों की हालत भी ठीक नहीं है। अधिकांश पुलों में दरारें आ चुकी हैं और किनारों की सुरक्षा रेलिंग टूट चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलों की मरम्मत न होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।








