मेरठ में ई-रिक्शा में महिला से छेड़छाड़- बचने के लिए हाईवे पर कूदी

  • मेरठ हाईवे पर ई-रिक्शा में महिला से छेड़छाड़
  • रेप की कोशिश, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
  • जान बचाने के लिए महिला ने चलती गाड़ी से छलांग लगाई

मेरठ | मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। हाईवे-58 पर ई-रिक्शा में सवार महिला से छेड़छाड़ की गई और रेप की कोशिश की गई। विरोध करने पर ड्राइवर और उसके साथियों ने धमकाया और मार डालने की बात कही। जान बचाने के लिए महिला चलती ई-रिक्शा से कूद गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

वारदात कैसे हुई?

शनिवार रात 10.30 बजे 35 वर्षीय महिला MIIT इंजीनियरिंग कॉलेज के पास हाईवे-58 से गुजर रही थी। दिल्ली के कल्याणपुरी की रहने वाली यह महिला सहेली के बर्थडे पार्टी में मेरठ आई थी। पार्टी के बाद घर लौटने के लिए वह ई-रिक्शा में बैठी। ड्राइवर ने उसे आगे बैठने को कहा और फिर अश्लील हरकत करने लगा।

महिला के चिल्लाने पर ड्राइवर ने धमकी दी— “ज्यादा आवाज की तो यहीं मार डालूंगा।” इसी दौरान पीछे बैठे एक शख्स ने उसकी गर्दन दबोच ली। जान बचाने के लिए महिला ई-रिक्शा से कूद पड़ी।

गंभीर चोटें, मेडिकल कॉलेज रेफर

कूदने के बाद महिला हाईवे पर दर्द से कराहती रही। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज और फिर दिल्ली रेफर किया गया। हादसे में उसका दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया, नाक की हड्डी टूट गई और सिर में चोट लगी।

पुलिस की कार्रवाई

SSP डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि ई-रिक्शा में सवार 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ड्राइवर की तलाश जारी है।

Back to top button