अंबेडकरनगर। हंसवर थाना क्षेत्र के नसीराबाद गांव में रास्ते को लेकर विवाद बढ़ने पर मारपीट का मामला सामने आया है। कन्हैया यादव के परिवार का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने घर पर धावा बोलकर परिजनों को बाहर घसीटा और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पिटाई की। घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, मारपीट में मानवती पत्नी कन्हैया यादव, सूरसती पत्नी रामफेर यादव और कन्हैया यादव के पुत्र अभय यादव समेत कई महिलाएं और बच्चे घायल हुए हैं। आरोप है कि घटना के बाद पुलिस कन्हैया यादव और उनके परिवार के अन्य पुरुष सदस्यों को थाने में बैठाए हुए है।
विरोध के बावजूद निर्माण जारी रहने का आरोप
कन्हैया यादव के पक्ष का आरोप है कि पट्टीदार विक्रम यादव और मुलायम यादव समेत अन्य लोग उनके दरवाजे पर खड़ंजा निर्माण करा रहे हैं। परिवार का दावा है कि यह निर्माण निजी हित में जबरन कराया जा रहा है। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया और मौके पर करीब दो दर्जन अन्य लोग भी काम में लगे हैं।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट की घटना के बाद भी उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि एक ओर उनके पुरुष सदस्यों को थाने में बैठाया गया है, वहीं दूसरी ओर विवादित स्थल पर निर्माण जारी है। इससे पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।









