- जलालपुर में महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म
- सात माह तीन सप्ताह में समय से पहले हुआ प्रसव
- डॉक्टर अनामिका सिंह और टीम ने कराया सामान्य डिलीवरी
अंबेडकरनगर। जलालपुर के मंगुराडीला स्थित परिवार हॉस्पिटल में सोमवार को एक दुर्लभ और असाधारण प्रसव का मामला सामने आया। जलालपुर नगर के पश्चिम मोहल्ले की रहने वाली रिंकी गौड़ ने सात माह तीन सप्ताह में एक साथ तीन बच्चों को जन्म देकर सभी को चौंका दिया।
रिंकी को सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत परिवार हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अनामिका सिंह की देखरेख में सामान्य प्रसव कराया गया। यह डिलीवरी समय से लगभग डेढ़ माह पहले हुई, फिर भी डॉक्टर की सतर्कता और टीम की तत्परता से प्रसव सुरक्षित रूप से संपन्न हो गया।
दो बेटियां और एक बेटा
प्रसव के दौरान रिंकी ने दो कन्याओं और एक पुत्र को जन्म दिया। सभी बच्चों का वजन 1.50 किलोग्राम से कम है, इसलिए उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों शिशु स्वस्थ हैं, परंतु कमजोर होने के कारण उनकी गहन देखभाल की जा रही है।
समय से पहले प्रसव बना चुनौती
समय से पहले और ट्रिपलेट डिलीवरी होने के कारण यह मामला चिकित्सकीय दृष्टिकोण से चुनौतीपूर्ण था। डॉक्टर अनामिका सिंह ने बताया कि यह केस जटिल जरूर था, लेकिन पूरी टीम ने मिलकर सफलतापूर्वक डिलीवरी कराई। सामान्य प्रसव के जरिए ट्रिपलेट्स का सुरक्षित जन्म अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
स्थानीय लोगों में खुशी, डॉक्टर की सराहना
एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही मंगुराडीला और आसपास के क्षेत्र में उत्सुकता बढ़ गई। स्थानीय लोग परिवार हॉस्पिटल पहुंचकर डॉक्टर अनामिका सिंह और उनकी टीम को बधाई दे रहे हैं। रिंकी और संजय गौड़ के परिजन भी इस सफल डिलीवरी से गदगद हैं।








