- सपा नेताओं ने कहा- सरकार संविधान की हत्या कर रही है
- ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे और सड़क-सदन तक लड़ाई का ऐलान
- शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं में सरकार को विफल बताया
लखनऊ। सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को SIR (मतदाता सूची का विशेष गहन जांच) और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ता GPO से विधानभवन की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच में नोकझोंक हुई।
सपा नेता समयून खान ने कहा कि सरकार संविधान की हत्या कर रही है और SIR के नाम पर आम नागरिकों से वोटिंग का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा लगाया।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच संघर्ष देर तक जारी रहा। समयून खान ने कहा कि बिहार में चुनाव से ठीक पहले SIR करवा कर जनता के वोटों पर कब्जा किया गया, और अब उत्तर प्रदेश में भी यही खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट चोरी सबसे बड़ा अपराध है और इसे रोकने के लिए सड़क और सदन तक लड़ाई जारी रखेंगे।
सपा नेता राजवीर ने कहा कि SIR के माध्यम से वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विफल है और तानाशाही कर रही है। शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं में सरकार असफल रही है। उनका कहना है कि सत्ता के लोग जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं और उन्हें और बढ़ा रहे हैं।








