- वन विभाग ने ट्रैप कैमरे और तीन शिफ्टों में रेस्क्यू अभियान शुरू किया
- आर्मी के जवान भी निगरानी में शामिल, लोगों को रात में अकेले न निकलने की चेतावनी
- हेल्पलाइन नंबर जारी, तेंदुए की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने का निर्देश
लखनऊ। कैंट इलाके में तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके की 5 लाख से अधिक आबादी में खौफ फैल गया है। वीडियो में तेंदुआ रोड क्रॉस करता दिखाई दे रहा है। वन विभाग ने सोमवार सुबह तीन शिफ्टों में टीमें लगाकर तेंदुए की तलाश तेज कर दी है।
डीएफओ शितांशु पांडे ने बताया कि ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कैंटोनमेंट एरिया और गन्ना संस्थान से जुड़े जंगल में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आर्मी के जवान भी अभियान में मदद कर रहे हैं।
वन विभाग और कैंट बोर्ड की टीम ने इलाके में कॉम्बिंग शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रात में अकेले न निकलें और पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान पर रखें। अगर तेंदुए की दोबारा मौजूदगी दिखे तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।
यह पहला मौका नहीं है जब लखनऊ कैंट या आसपास के इलाकों में तेंदुआ देखा गया हो। पिछले साल भी इसी क्षेत्र में तेंदुए के पैर के निशान मिले थे। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगल से जुड़े ग्रीन कॉरिडोर के कारण यह इलाका तेंदुओं के मूवमेंट के लिए सुरक्षित रूट बन गया है।
वन विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
-
CUG नंबर: 7839434282
-
सेक्शन ऑफिसर कैंटोनमेंट: 9838583846
वन अधिकारियों ने कहा कि तेंदुए को रेस्क्यू करने तक इलाके में लगातार निगरानी जारी रहेगी।








