एनसीटीई के निर्देशन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन

अंबेडकरनगर)। बी.एन.के.बी. पी.जी. कॉलेज, अकबरपुर के बी.एड. विभाग में गुरुवार को एनसीटीई द्वारा संचालित Special Campaign 5.0 – 2025 के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रिकॉर्ड मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा, कार्यस्थल पर उत्पादक स्थान उपयोग और वेस्ट मटेरियल के रचनात्मक दोहन के माध्यम से कार्यस्थल अनुभव को बेहतर बनाना रहा।

बी.एड. विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अनेक नवाचारपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने पुराने दस्तावेजों के पुनर्संरक्षण, कार्यालय स्थान के समुचित प्रबंधन तथा अपशिष्ट सामग्री से उपयोगी वस्तुएं तैयार करने पर केंद्रित प्रदर्शन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की शुरुआत बी.एड. विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर श्वेता रस्तोगी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छ, संगठित और नवाचारी कार्यसंस्कृति अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड मैनेजमेंट केवल फाइलों का रखरखाव नहीं, बल्कि संस्थान की कार्यक्षमता और पारदर्शिता से जुड़ा अहम विषय है।

विभाग के प्राध्यापकों मनोज कुमार श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंह और आलोक तिवारी ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि एनसीटीई की यह पहल शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में सार्थक कदम है।

छात्र-छात्राओं ने वेस्ट मटेरियल से तैयार मॉडलों का प्रदर्शन कर सृजनात्मकता का परिचय दिया। कई प्रतिभागियों ने पुराने कागज़, प्लास्टिक और त्यागी गई वस्तुओं का उपयोग कर आकर्षक व उपयोगी स्टेशनरी आइटम, सूचना बोर्ड और फाइल कवर बनाए। प्रदर्शनी में प्रस्तुत वस्तुओं ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड प्रबंधन से संबंधित आधुनिक तकनीकों पर भी चर्चा हुई। प्रतिभागियों को बताया गया कि कैसे डिजिटलीकरण से दस्तावेज़ों की सुरक्षा, पहुंच और रखरखाव में सुविधा होती है। साथ ही, कार्यस्थल पर स्पेस के प्रभावी उपयोग के लिए विभिन्न व्यावहारिक उपायों पर सुझाव दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button