अम्बेडकरनगर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान तेज

अम्बेडकरनगर में भारत निर्वाचन आयोग की अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे गतिशील निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को जिला प्रशासन ने पूरी गंभीरता व प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया है। 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर–घर जाकर गणना प्रपत्र बांटने का कार्य पूरा किया जा चुका है और वर्तमान में मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन तेजी से किया जा रहा है।

विकासखंडवार बैठकें, ग्राम स्तरीय टीमों को सख्त निर्देश

मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में ग्राम स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की विकासखंडवार बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में शिक्षक, प्रधान, कोटेदार, प्रधानाचार्य, पंचायत सहायक, लेखपाल, रोजगार सेवक, सफाई कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाओं को पुनरीक्षण कार्य से जुड़े दायित्वों के बारे में स्पष्ट दिशा–निर्देश दिए गए।

अकबरपुर–टांडा क्षेत्र की समीक्षा, डिजिटाइजेशन प्रक्रिया का वीडियो प्रशिक्षण

महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में अकबरपुर और टांडा विकासखंड की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की पूरी प्रक्रिया का वीडियो प्रस्तुत किया गया, ताकि सभी संबंधित कर्मचारी इसे सुव्यवस्थित रूप से समझ सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्मिक बीएलओ के साथ टीम भावना से कार्य करे और प्रपत्रों को प्राप्त करने से लेकर डिजिटाइजेशन तक हर चरण में पूरा सहयोग दे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत आवश्यक है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समयसीमा के भीतर घर–घर जाकर प्रपत्र प्राप्त करने और डिजिटाइजेशन पूरा करने के लिए स्पष्ट निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button