होटल में युवक फांसी पर लटका मिला, पुलिस ने शुरू की जांच

बाराबंकी। जिले के बड़ेल क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार सुबह युवक आलोक वर्मा (27) का शव फांसी पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

होटल कर्मचारी आंशिक ने बताया कि आलोक वर्मा अक्सर होटल आते-जाते थे। सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह होटल पहुंचे और अपने कमरे में चले गए। मंगलवार सुबह कमरे से कोई हलचल न होने पर मोबाइल पर कॉल की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

बड़ेल चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया। जांच में आलोक वर्मा का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजन बताते हैं कि आलोक वर्मा ने घटना से पहले अपनी पहली पत्नी की फोटो के साथ व्हाट्सएप स्टेटस में भावुक संदेश लिखा था: “मैं तुम्हारे पास आ रहा हूं… सब लोग मुझे माफ कर देना।”

आलोक वर्मा की दो शादियां हुई थीं। उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जबकि दूसरी शादी के बाद उनका पारिवारिक जीवन सामान्य था। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं पर ध्यान देते हुए गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button