PoK में LoC के पास पाकिस्तान ने तैनात किए एंटी-ड्रोन सिस्टम

नई दिल्ली।पाकिस्तान ने पाक-अधिकृत कश्मीर (PoK) में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के नजदीक एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने रावलकोट, कोटली और भिंबर सेक्टर में नए काउंटर-अनमैन्ड एरियल सिस्टम (C-UAS) लगाए हैं।

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान को आशंका है कि भारत भविष्य में फिर से ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदम उठा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए LoC पर 30 से ज्यादा विशेष एंटी-ड्रोन यूनिट्स तैनात की गई हैं।

2 इन्फैंट्री डिवीजनों ने संभाली जिम्मेदारी

बताया जा रहा है कि यह तैनाती मुर्री स्थित 12वीं और 23वीं इन्फैंट्री डिवीजन के जरिए की गई है। ये दोनों डिवीजन कोटली–भिंबर क्षेत्र में मौजूद ब्रिगेड्स की जिम्मेदारी संभालती हैं। इसका उद्देश्य LoC के पास हवाई निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर क्षमता को मजबूत करना है।

क्या है C-UAS सिस्टम

काउंटर-अनमैन्ड एरियल सिस्टम (C-UAS) ऐसी तकनीक है, जिसका इस्तेमाल दुश्मन के ड्रोन को पहचानने, ट्रैक करने, जैम करने या मार गिराने के लिए किया जाता है। यह सिस्टम रेडियो फ्रीक्वेंसी के जरिए ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखता है।

स्पाइडर एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती

रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने स्पाइडर एंटी-ड्रोन सिस्टम को भी तैनात किया है। यह सिस्टम करीब 10 किलोमीटर की रेंज में छोटे ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन का पता लगाने में सक्षम है। यह पोर्टेबल और वाहन-माउंटेड दोनों रूपों में इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह सिस्टम ड्रोन के कम्युनिकेशन को बाधित कर उन्हें हवा में रुकने, वापस लौटने या लैंड करने पर मजबूर कर देता है।

बढ़ती सतर्कता

विशेषज्ञों का मानना है कि LoC पर पाकिस्तान की यह तैयारी सीमा पार ड्रोन गतिविधियों और संभावित सैन्य कार्रवाइयों को लेकर उसकी बढ़ती चिंता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button