कल्याणपुर में हरे पेड़ों पर चल रहा आरा, बनविभाग मौन

  • पेड़ की अवैध कटाई से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होने का खतरा
  • जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और सख्त कार्रवाई की मांग
  • वन विभाग ने मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की

हजपुरा,अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर में स्थित प्राइमरी स्कूल के पास वर्षों पुराना विशाल आम का पेड़ इन दिनों धरल्ले से काटा जा रहा है। इस पेड़ की उम्र कई दशकों की बताई जा रही है, लेकिन अब वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ की अवैध कटाई के बावजूद किसी भी जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे पर्यावरण की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप: जिम्मेदार विभाग मूक दर्शक बने हुए
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पेड़ कई वर्षों से कल्याणपुर के प्राइमरी स्कूल के पास खड़ा था और आसपास के लोगों के लिए यह न केवल एक प्राकृतिक धरोहर था, बल्कि इसकी छांव में कई परिवारों की दैनिक जीवन की कठिनाइयां भी कम होती थीं। ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ की कटाई की सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को पहले ही दी गई थी, लेकिन किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभाग पर्यावरण संरक्षण के नियमों की खुली अवहेलना कर रहे हैं और पूरे मामले में उनकी उदासीनता साफ़ नजर आ रही है। इस पेड़ की अवैध कटाई से पर्यावरणीय संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का खतरा है, लेकिन वन विभाग की चुप्पी कई सवालों को जन्म दे रही है।

Back to top button