अकबरपुर विद्युत कार्यालय में अवैध वसूली का आरोप

अकबरपुर, अम्बेडकर नगर। उत्तर प्रदेश सरकार की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत विद्युत उपभोक्ताओं को ब्याज में शत-प्रतिशत और मूलधन में आंशिक छूट देकर राहत दी जा रही है, लेकिन अकबरपुर विद्युत कार्यालय में इस योजना के नाम पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि कार्यालय के कमरा नंबर 7 में तैनात एक बाबू द्वारा निजी तौर पर रखे गए दो प्राइवेट लोगों के माध्यम से उपभोक्ताओं से अवैध धन उगाही की जा रही है।

कमरा नंबर 7 बना चर्चा का केंद्र

सूत्रों के अनुसार अकबरपुर बिजली कार्यालय के कमरा नंबर 7 में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत बाबू द्वारा दो प्राइवेट व्यक्तियों को फर्जी तरीके से बैठाया गया है। ये लोग खुद को कार्यालय से जुड़ा बताकर उपभोक्ताओं को विद्युत बिल सुधार, ओटीएस योजना में नाम जोड़ने और बकाया निपटान के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिना अवैध धन दिए कई उपभोक्ताओं का कार्य जानबूझकर रोका जाता है।

ओटीएस योजना की भीड़ का उठाया जा रहा लाभ

इन दिनों ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए बिजली कार्यालय में भारी भीड़ उमड़ रही है। उपभोक्ता जल्द से जल्द अपने बकाया का निस्तारण कराने के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं। आरोप है कि इसी भीड़ का फायदा उठाकर संबंधित बाबू अपने कथित चेलों के माध्यम से अवैध वसूली का नया तरीका अपना रहा है। उपभोक्ताओं को बताया जाता है कि बिना अतिरिक्त भुगतान के उनका बिल ठीक नहीं हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button