अम्बेडकरनगर। जनपद के संयुक्त जिला अस्पताल में नॉर्मल डिलीवरी के बाद महिला की मौत का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतका के पति ने अस्पताल में तैनात डॉक्टर और सहायक स्टाफ पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
16 जनवरी की रात कराया गया था भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेराज अहमद पुत्र इस्लामुद्दीन निवासी मोहल्ला मीरानपुर रसूलाबाद, फैजाबाद रोड, थाना कोतवाली अकबरपुर ने शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी नाजिश को 16 जनवरी की रात प्रसव पीड़ा होने पर संयुक्त जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में तैनात डॉक्टरों द्वारा नॉर्मल डिलीवरी कराई गई।
डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत
शिकायत के अनुसार डिलीवरी के कुछ समय बाद ही नाजिश की हालत अचानक बिगड़ने लगी। अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया, जिसकी जानकारी परिजनों ने तत्काल ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को दी। परिजनों का आरोप है कि बार-बार अवगत कराने के बावजूद स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज किया गया।
लापरवाही का आरोप, इलाज में देरी
पीड़ित पति का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अंजनी पाठक और उनके सहायक स्टाफ नीतू गुप्ता व प्रीति सिंह ने शिकायतों के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं किया। महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन न तो वरिष्ठ डॉक्टरों को बुलाया गया और न ही जरूरी चिकित्सकीय कदम उठाए गए।








