जाल में फंसा तेंदुआ, भागकर अंबेडकरनगर पहुंचा

अंबेडकरनगर। सुल्तानपुर जिले की सीमा पर बुधवार रात जंगली सूअर पकड़ने के लिए लगाए गए जाल में एक तेंदुआ फंस गया। यह जाल अखंड नगर थाना क्षेत्र के नेमपुर घाट के पास किसानों ने फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए लगाया था। तेंदुए के जाल में फंसने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

रेस्क्यू की तैयारी के दौरान तेंदुआ अचानक जाल से निकलकर भाग गया। भागते हुए तेंदुआ अंबेडकरनगर जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गया। आबादी वाले क्षेत्र में तेंदुए के पहुंचते ही आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

मालीपुर क्षेत्र में कई घंटे चला सघन रेस्क्यू अभियान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंबेडकरनगर वन विभाग की संयुक्त टीम ने मालीपुर थाना पुलिस और अन्य थानों की फोर्स के साथ मिलकर पूरे इलाके की घेराबंदी की। खेतों, बागों और गांवों के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान तेंदुआ कई स्थानों पर दिखाई दिया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा।

रेस्क्यू अभियान के दौरान तेंदुए के हमले में एक वनकर्मी सहित कुछ लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों को घरों में रहने की अपील की गई और पुलिस बल को तैनात किया गया।

महेशपुर नेमपुर में तेंदुए का हमला, तीन ग्रामीण घायल

तेंदुए ने महेशपुर नेमपुर गांव में हमला कर तीन ग्रामीणों को घायल कर दिया। हमले में इंद्रेश निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button