अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन को लेकर कौमी इंटर कॉलेज टांडा में बुधवार को ‘परीक्षा पर चर्चा एवं संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि परीक्षा में अच्छे अंक पाने के लिए केवल पढ़ना नहीं, बल्कि लिखने का नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है। यदि लिखने की प्रैक्टिस नहीं की गई तो परीक्षा में समय की कमी के कारण प्रश्न छूट सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पिछले 10 वर्षों के प्रश्नपत्रों का रिवीजन करने और सभी फॉर्मूलों को एक जगह लिखकर दोहराने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा में अब लगभग 20 दिन शेष हैं। यदि प्रतिदिन 10 घंटे पढ़ाई की जाए तो कुल 200 घंटे का समय बचता है। इस दौरान कम से कम 20 घंटे केवल उत्तर लेखन का अभ्यास अवश्य किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मेहनत से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए, क्योंकि जीवन में जो भी उपलब्धि मिलती है, वह परिश्रम के बल पर ही मिलती है।
खान-पान और ग्रुप स्टडी पर दिया जोर
परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के संयोजन में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी की अहम भूमिका रही। जिलाधिकारी ने परीक्षा के दौरान खान-पान पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि हल्का और संतुलित भोजन एकाग्रता बनाए रखने में मदद करता है। साथ ही ग्रुप स्टडी को उपयोगी बताते हुए कहा कि समूह में पढ़ाई करने से विषयों को जल्दी समझा जा सकता है। मानचित्र अभ्यास के लिए भी उन्होंने व्यावहारिक सुझाव दिए।








