
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल ने मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर कुल 13 मृतक आश्रितों को सफाई कर्मी के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।
नियुक्ति पाने वालों में शेखर, रागिनी, विकास भारती, बीनू, रितिक गहरवाल, अवनीश कुमार, पिन्की, आकाश कुमार भारती, सुभाष धानुक, नीरज कुमार, शिवांशू भारती, काजल और शिवम भारती शामिल हैं। इन सभी को नगर निगम की ओर से नियमित प्रक्रिया के तहत नियुक्त किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर सुषमा खर्कवाल ने नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील है। मृतक आश्रितों को नौकरी देना केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का माध्यम है।
मेयर ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था शहर की सबसे महत्वपूर्ण सेवाओं में से एक है और इसमें कार्यरत कर्मचारियों की भूमिका बेहद अहम होती है।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने बताया कि मृतक आश्रितों की नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा मिलेगा और नगर निगम की सेवाएं भी और मजबूत होंगी।









