लखनऊ में क्रूरता की हद: बछड़े को कार से कुचलने वाला युवक कैमरे में कैद

  • गली में बैठे बछड़े पर युवक ने चढ़ाई कार
  • CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना
  • 4 घंटे बाद होश में आया घायल बछड़ा

लखनऊ। लखनऊ के बीकेटी इलाके में एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने गली में बैठे एक बछड़े पर अपनी कार चढ़ा दी। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना रैथा रोड स्थित पूरम कॉलोनी की है। सोमवार सुबह आरोपी युवक अपनी वरना कार को घर के बाहर बैक कर रहा था। इसी दौरान गली में एक बछड़ा बैठा हुआ था। युवक ने कार घुमाते हुए तेज रफ्तार में बछड़े को रौंद दिया और मौके से निकल गया।

CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कार पहले बछड़े के अगले हिस्से और फिर पिछले पहियों से गुजरती है, जिससे बछड़ा दो बार पलटकर उल्टा हो जाता है और मौके पर ही बेहोश हो जाता है।

घटना के बाद मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बछड़े को उठाने की कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। इसके बाद तुरंत पशु चिकित्सक को बुलाया गया और उसका इलाज शुरू किया गया।

करीब चार घंटे के उपचार के बाद बछड़े को होश आया, लेकिन उसके पैर और पेट में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। फिलहाल वह चल-फिर नहीं पा रहा है और उसने खाना-पीना भी छोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button