
आगामी गुश्ल त्यौहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने बसखारी थाना क्षेत्र के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जुलूस मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
सफाई, बिजली और यातायात व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्यौहार से जुड़े सभी कार्यक्रम निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आयोजित किए जाएं। साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया।उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में आम लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।
स्थानीय लोगों से संवाद, शांति बनाए रखने की अपील
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि गुश्ल त्यौहार सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।









