क्यों धरने पर बैठे ठेकेदार? क्या हैं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

कैसे जिला पंचायत पर उठे सवाल

  • जिला पंचायत गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
  • भुगतान रोकने और कमीशन मांगने के आरोप
  • ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी किया दावा

अम्बेडकरनगर में जिला पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में ठेकेदार राम अशीष मिश्रा ने बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। यह धरना जिला पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट के सामने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहेगा।

ठेकेदार ने प्रेस नोट जारी कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अध्यक्ष की मर्जी के खिलाफ निविदा डालने पर उनके 50 हजार रुपये के जमानत चेक पर हस्ताक्षर नहीं किए गए। बाद में भुगतान उच्च न्यायालय के आदेश और अवमानना याचिका के बाद ही संभव हो सका।

सड़क निर्माण के भुगतान में देरी का आरोप

राम अशीष मिश्रा ने जलालपुर-मित्तुपुर मार्ग पर दो सड़कों के बिल का भुगतान रोके जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अवर अभियंता द्वारा बिल तैयार करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। आईजीआरएस पर शिकायत करने के बाद भी ‘प्रक्रिया में है’ का जवाब मिला, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसी तरह तेजापुर-चंदापुर मार्ग पर भी तारकोल न मिलने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि संबंधित फाइल अध्यक्ष के पास लंबित रही, जिससे काम प्रभावित हुआ।

कमीशन मांगने और दबाव बनाने के आरोप

प्रेस नोट में दावा किया गया है कि अवमानना नोटिस के बाद एक व्यक्ति ने फोन कर भुगतान के बदले पैसे देने की बात कही। इसके अलावा अभियंता पर भी दबाव बनाने और नुकसान की चेतावनी देने का आरोप लगाया गया है। ठेकेदार ने इन सभी मामलों की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है।

हिथूरी मार्ग के निर्माण कार्य में भी कमीशन देने का आरोप लगाया गया। ठेकेदार के अनुसार, 16 लाख रुपये की लागत वाले कार्य में 2.80 लाख रुपये दिए गए, जिसके बाद फाइल आगे बढ़ाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button