
- केंद्रीय कर्मचारियों का DA/DR 58% से बढ़कर 60% हुआ
- 18 माह के बकाया 34 हजार करोड़ रुपये नहीं मिलेंगे
- कोरोना काल में रोका गया था DA/DR
केंद्र सरकार ने शनिवार को अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब DA/DR की दर 58% से बढ़कर 60% हो गई है।
हालांकि, इसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि कर्मचारियों और पेंशनरों को 18 महीने के DA/DR का बकाया नहीं मिलेगा। यह बकाया करीब 34 हजार करोड़ रुपये का है, जिसे कोरोना महामारी के दौरान रोक लिया गया था।
कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने DA/DR बढ़ोतरी की घोषणा की, लेकिन 18 महीने के एरियर पर कोई चर्चा नहीं की गई। इससे यह संकेत मिल गया कि फिलहाल सरकार इस मुद्दे पर कोई फैसला लेने के पक्ष में नहीं है।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी पहले ही संसद में स्पष्ट कर चुके हैं कि कोविड-19 के दौरान सरकार को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ा था। इसी वजह से जनवरी 2020, जुलाई 2020 और जनवरी 2021 की तीन किस्तों को फ्रीज किया गया था।
सरकार के मुताबिक, उस समय यह कदम सरकारी वित्तीय बोझ को कम करने के लिए उठाया गया था। वर्तमान परिस्थितियों में इन बकाया राशि का भुगतान करना व्यावहारिक नहीं माना जा रहा है।
दूसरी ओर, नेशनल ज्वाइंट काउंसिल ऑफ एक्शन (NJCA) और अन्य कर्मचारी संगठनों ने कई बार सरकार से 34,402 करोड़ रुपये के एरियर को जारी करने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि कर्मचारियों और पेंशनरों को उनका हक मिलना चाहिए, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।









