
अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र स्थित कम्हरिया घाट पर मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। सरयू नदी में स्नान के दौरान एक युवक डूब गया। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
धार्मिक कार्यक्रम में आया था युवक
डूबे युवक की पहचान गढ़वल पंडित का पूरा गांव निवासी 22 वर्षीय प्रियांशु उर्फ बॉबी गौतम के रूप में हुई है। वह कम्हरिया घाट स्थित मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने आया था।
नहाते समय गहरे पानी में गया
मंगलवार शाम सूरज ढलने के बाद प्रियांशु नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
ग्रामीणों ने शुरू की थी खोजबीन
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश की गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही राजेसुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली।
SDRF टीम कर रही सर्च ऑपरेशन
थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि युवक की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को बुलाया गया है। टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
परिजनों में चिंता का माहौल
घटना के बाद युवक के परिजनों में चिंता बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि तलाश अभियान जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।









