
- कल्याणपुर में लेक्चरर की पत्नी की हत्या और 27 लाख की लूट
- Crime Patrol देखकर बनाई थी वारदात की योजना
- आरोपी ईशू शर्मा उर्फ आर्यन (19) गिरफ्तार
- मोबाइल और वाहन का नहीं किया इस्तेमाल
कानपुर। कानपुर के कल्याणपुर में लेक्चरर की पत्नी की हत्या और लूटपाट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ईशू शर्मा उर्फ आर्यन (19) को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
आरोपी ने बताया कि वह कम समय में अमीर बनना चाहता था और अपराध आधारित टीवी शो Crime Patrol देखकर उसने वारदात की योजना बनाई। वह घर में घुसा और लेक्चरर की पत्नी निर्मला (55) की हत्या कर करीब 27 लाख रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गया।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने जानबूझकर मोबाइल फोन और वाहन का इस्तेमाल नहीं किया, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। साथ ही, उसने पूरी वारदात अकेले ही अंजाम दी, क्योंकि उसे लगा कि इससे पकड़े जाने की संभावना कम होगी।
हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। भगवा गमछा ओढ़े आरोपी की तस्वीर कैमरों में कैद हुई थी। करीब 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस उसकी पहचान तक पहुंची और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए सभी जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, 23 अप्रैल को हुई इस वारदात के बाद 12 टीमों को जांच में लगाया गया था, जिन्होंने महज तीन दिन में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।









