
अम्बेडकरनगर के एनटीपीसी टांडा परिसर में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने दीप प्रज्वलन कर की। इसके बाद श्रमिकों को सम्मानित किया गया और उनके योगदान को सराहा गया। पूरे परिसर में आयोजन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
श्रमिक देश की प्रगति की मजबूत आधारशिला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि देश के विकास में श्रमिकों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति मजदूरों के परिश्रम पर निर्भर करती है। उन्होंने श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही औद्योगिक इकाइयों से सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की।
अधिकारियों और प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव, उपायुक्त उद्योग हरि प्रताप मौर्य, सहायक आयुक्त उद्योग अजय कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा अल्ट्राटेक के मानव संसाधन प्रमुख करुणा करण तिवारी और एनटीपीसी टांडा के परियोजना प्रमुख जयदेव परिदा भी शामिल हुए।
एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक (सतर्कता) सुभाष चंद्र सिंह, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) रजनीश खेतान और उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अनुराग सिन्हा ने भी श्रमिकों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभी वक्ताओं ने श्रमिकों के हितों की रक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।









