
उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय (29) को गंभीर आरोपों के बाद वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर 4 साल तक दुष्कर्म करने और दो बार गर्भपात कराने का आरोप लगाया है।
4 साल तक शोषण का आरोप
पीड़िता के अनुसार, आरोपी प्रशांत राय ने उसे शादी का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया और लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह दो बार गर्भवती भी हुई, लेकिन आरोपी ने दोनों बार गर्भपात करा दिया।
प्रयागराज में दूसरी शादी से खुला राज
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने 25 अप्रैल को प्रयागराज में गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली। इस बात का खुलासा उसे सोशल मीडिया के जरिए हुआ, जब एक दोस्त ने शादी की तस्वीरें दिखाई।
जब पीड़िता ने इस बारे में आरोपी से सवाल किया तो वह टालमटोल करने लगा, जिसके बाद उसने कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया।
सारनाथ थाने में FIR, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़िता 4 मई को वाराणसी के सारनाथ थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।









