अम्बेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में दहेज उत्पीड़न का मामला हत्या में बदल गया। विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या के बाद पति और ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ना का आरोप
मृतका प्रेमशिला (21) की शादी 20 अप्रैल 2026 को विनोद निवासी बहादुरपुर से हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
देर रात घर के भीतर विवाद, पिटाई में गई जान
शुक्रवार देर रात घर के अंदर विवाद बढ़ने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पक्ष ने डायल 112 पर सूचना देकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
कुछ ही देर बाद पति विनोद अपने पिता रामलाल और मां धनसीरा के साथ घर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस पहुंची तो बेड पर मिला शव, शरीर पर चोटों के निशान
रात करीब 1 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर विवाहिता का शव बेड पर पड़ा मिला। चेहरे और शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।
सुबह मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच तेज
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। कमरे और आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।









