
- नारायण फाउंडेशन ने जरूरतमंद परिवार की मदद की
- बेटी की शादी के लिए गृह उपयोगी सामान किया भेंट
- अब तक 95 से अधिक बेटियों की शादी में कर चुके सहयोग
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र के नेवतरिया मुस्तफाबाद गांव में एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में नारायण फाउंडेशन ने सहयोग कर सामाजिक सरोकार का उदाहरण पेश किया। आर्थिक परेशानी से जूझ रहे राजभर परिवार की मदद करते हुए संस्था ने विवाह के लिए जरूरी गृह उपयोगी सामान उपलब्ध कराया।
नेवतरिया मुस्तफाबाद निवासी सभाजीत राजभर की पुत्री नीलम राजभर का विवाह रामपुर, पोस्ट जयसिंहपुर निवासी अजय राय के साथ तय हुआ है। परिजनों ने शादी की तैयारियों के बीच आर्थिक समस्या की जानकारी नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य को दी। इसके बाद संस्था ने परिवार की जरूरत के अनुसार सहयोग उपलब्ध कराया।
गृहस्थी का सामान किया भेंट
संस्था की ओर से नीलम राजभर को बेड, सिंगारदान, पंखा, बक्सा, रजाई, तकिया, गद्दा, कुर्सी, मेज, प्रेस, मिक्सर, चादर और बाथरूम सेट उपहार स्वरूप दिया गया। परिवार के लोगों ने इस सहयोग पर फाउंडेशन के प्रति आभार जताया।
संरक्षक विवेक मौर्य ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक परेशानी बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से संस्था लगातार ऐसे परिवारों की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की सहायता का सिलसिला जारी रहेगा।
95 से अधिक बेटियों की शादी में कर चुके सहयोग
फाउंडेशन के पदाधिकारियों के अनुसार विवेक मौर्य अपने व्यक्तिगत प्रयासों से अब तक 95 से अधिक बहन-बेटियों की शादी में गृह उपयोगी वस्तुएं और आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुके हैं।
इसके पहले जिला मुख्यालय अकबरपुर में संस्था की ओर से सर्वजातीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। इसमें 21 जोड़ों का विवाह कराया गया था। नवविवाहित जोड़ों को घरेलू उपयोग का सामान भी दिया गया था।









