
पंडित दीनदयाल अस्पताल में भीषण गर्मी के बीच मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के अधिकांश वार्डों में लगे एयर कंडीशनर (AC) बंद पड़े हैं, जिससे भर्ती मरीज गर्मी में बेहाल नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक अस्पताल के कई सामान्य वार्डों के साथ-साथ प्राइवेट वार्डों में भी AC काम नहीं कर रहे हैं। जबकि इन प्राइवेट वार्डों के लिए मरीजों से प्रतिदिन 400 रुपये शुल्क लिया जाता है।
“15 दिन में एक दिन भी नहीं चली AC”
शिवपुर तरना निवासी डॉ. मुकेश सिंह ने बताया कि वह अपने मरीज मधु सिंह को पिछले 15 दिनों से वार्ड नंबर 12 में भर्ती कराए हुए हैं। उन्हें बताया गया था कि वार्ड में AC सुविधा उपलब्ध है, लेकिन इतने दिनों में एक बार भी AC नहीं चली।
उन्होंने आरोप लगाया कि मरीज गर्मी में परेशान हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद नर्सिंग स्टाफ केवल आश्वासन देता रहा।
निरीक्षण के समय कैसे चलने लगती हैं AC?
तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार जल्द ठीक कराने का भरोसा देकर मामला टाल दिया जाता है।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब कोई जनप्रतिनिधि या अधिकारी निरीक्षण के लिए आता है, तब अस्पताल की AC अचानक कैसे चलने लगती हैं।
CMS बोले- चूहों ने खराब कर दी मशीनें
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम ने कहा कि कुछ वार्डों में चूहों द्वारा AC की वायरिंग और मशीनें खराब कर दी गई हैं, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है।
उन्होंने बताया कि खराब AC को ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही मरीजों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा।









