
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के न्योरी बाजार स्थित पायनियर कंप्यूटर इंस्टिट्यूट में मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दुष्यंत कुमार और संतोष सरोज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
शिक्षा के साथ प्रयोग जरूरी: दुष्यंत कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुष्यंत कुमार ने कहा कि केवल प्रमाण पत्र योग्यता की पुष्टि करते हैं, लेकिन वास्तविक सफलता तब मिलती है जब ज्ञान को व्यवहार में उतारा जाए। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित कर लगातार प्रयास करने की अपील की। साथ ही कहा कि जब तक सफलता न मिले, तब तक प्रयास नहीं छोड़ना चाहिए।
तकनीकी शिक्षा से मिलते हैं रोजगार अवसर: संतोष सरोज
मुख्य अतिथि संतोष सरोज ने कहा कि आज के समय में तकनीकी शिक्षा रोजगार का प्रमुख साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी कौशल को जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय में कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी ज्ञान बेहद जरूरी हो गया है।
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्रेया पांडे और वर्षा निषाद को सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान पर सविता निषाद और रणजीत यादव तथा तृतीय स्थान पर अंशिका और ध्रुव यादव को मेडल, प्रशस्ति पत्र और अंग वस्त्र प्रदान किए गए।
संस्था ने 2012 से शुरू की शैक्षणिक यात्रा
संस्था के प्रबंधक अखिलेश मौर्य ने कार्यक्रम में आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पायनियर कंप्यूटर इंस्टिट्यूट वर्ष 2012 से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। यहां से अब तक हजारों छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।









