सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन की शानदार शुरुआत

टीचर्स इलेवन को 4 विकेट से हराकर श्रृंखला में बनाई बढ़त

अंबेडकरनगर। अकबरपुर के रगड़ंगज स्थित वीसीए मैदान में आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज रविवार को रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। उद्घाटन मैच में डॉक्टर्स इलेवन ने टीचर्स इलेवन अंबेडकरनगर को 4 विकेट से हराकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के साथ मौजूद खेल प्रेमियों में भी खास उत्साह देखने को मिला।
पहले मैच में टीचर्स इलेवन के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन डॉक्टर्स इलेवन की अनुशासित और किफायती गेंदबाजी के सामने टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। शुरुआती झटकों के बाद टीम संभल नहीं पाई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 14.1 ओवर में 90 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
टीचर्स इलेवन की ओर से ओपनर बल्लेबाज चंद्रपाल ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए सर्वाधिक 34 रन बनाए। वहीं देवांश ने 13 और कमलेश ने 11 रन का योगदान दिया। डॉक्टर्स इलेवन की तरफ से डॉ. उत्कर्ष सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए। डॉ. विमल और डॉ. आमोद ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह दबाव में रखा।
मजबूत साझेदारी ने आसान की जीत की राह
91 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉक्टर्स इलेवन की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ओपनर बल्लेबाज डॉ. आमोद और डॉ. चंद्रभान ने पहले विकेट के लिए 64 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का संतुलन बनाते हुए टीम की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button