
- अयोध्या में राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ मनाई जा रही
- सुबह 4 बजे मंगला आरती से कार्यक्रम शुरू
- भगवान राम परिवार का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक
- राम दरबार का विशेष श्रृंगार और 56 भोग अर्पित
अयोध्या।अयोध्या में मंगलवार को राम परिवार यानी राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जा रही है। सुबह से ही राम मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरे दिन विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन संध्या और महाआरती जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सुबह 4 बजे मंगला आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी का अभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालु हाथ जोड़कर दर्शन करते नजर आए।
राम दरबार का विशेष श्रृंगार किया गया है। भगवान को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। शाम को मां सरयू के तट पर 5051 दीपों की भव्य महाआरती होगी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
शाम 5 बजे से 7 बजे तक भजन संध्या का आयोजन भी होगा। इसके अलावा फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। कार्यक्रम में देशभर से आए संत, महंत और धर्माचार्य शामिल हो रहे हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अयोध्या नगरी पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंगी नजर आ रही है। श्रद्धालु इस खास अवसर को ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मान रहे हैं।









