कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हल्दिया में सोमवार देर रात नेफ्था सप्लाई करने वाली पाइपलाइन में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलकर हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके के कई घरों तक पहुंच गई। इस हादसे में 15 लोग झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। आग पर काबू पाने के लिए 12 से अधिक दमकल की गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नेफ्था पाइपलाइन में लगी और कुछ ही देर में आसपास के रिहायशी क्षेत्र तक फैल गई। हादसे के चलते हल्दिया और दुर्गाचक रेलवे लाइन के पास स्थित ओवरहेड बिजली उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण रेल सेवाओं पर असर पड़ा।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने बताया कि सिल्पा एंट्री गेट के पास गैस पाइपलाइन में विस्फोट के बाद मंगलवार सुबह 5:20 बजे से हल्दिया और दुर्गाचक के बीच ट्रेन संचालन रोक दिया गया। 38052 हल्दिया-हावड़ा लोकल रद्द कर दी गई, जबकि अन्य कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया गया।









