लखनऊ। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष (प्रबुद्ध प्रकोष्ठ) अनिल कुमार त्रिपाठी ने की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई अहम नियुक्तियों की घोषणा भी की गई।
बैठक में अजय सिंह को कानपुर नगर का जिलाध्यक्ष तथा समाजसेवी अलंकार पाण्डेय को प्रबुद्ध प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार त्रिपाठी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रदेशभर में संगठन विस्तार अभियान चलाएगी। इसका उद्देश्य बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करना और पार्टी की विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अलंकार पाण्डेय लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और उनकी सक्रिय कार्यशैली, जनसंपर्क तथा संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि अलंकार पाण्डेय अपने अनुभव के बल पर प्रबुद्ध प्रकोष्ठ को नई मजबूती देंगे और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त प्रदेश सचिव अलंकार पाण्डेय ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सामाजिक न्याय, गरीब, दलित, पिछड़े, युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।









