लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि वह सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि केदारेश्वर और वृंदावन भी जाएंगे। राम मंदिर जाने को लेकर यह पहला मौका है, जब अखिलेश ने खुद सार्वजनिक रूप से अपनी बात कही है। इससे पहले सपा नेता पवन पांडेय ने जानकारी दी थी कि पूर्व मुख्यमंत्री 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे।
PDA का नया मतलब बताया
अखिलेश यादव ने PDA का नया अर्थ बताते हुए कहा कि इसका मतलब अब ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद’ है। उन्होंने कहा कि उनके घर में शिव और राम दोनों हैं। चाचा शिवपाल यादव और राम गोपाल यादव दोनों उनके साथ हैं। इसके अलावा अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद और विधानसभा प्रत्याशी पवन पांडेय भी साथ हैं। अखिलेश ने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा इतनी घबरा क्यों रही है?
संत-महंतों ने विरोध की तैयारी की
दूसरी ओर, अयोध्या के संत-महंतों ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे का विरोध करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में बुधवार को मणिराम दास छावनी में बैठक बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता महंत कमल नयन दास शास्त्री करेंगे। इसमें अखिलेश के दौरे के विरोध की रणनीति तय की जाएगी।









