अकबरपुर। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण के लिए बुधवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी ने अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान नगर पालिका परिषद अकबरपुर की टीम भी अभियान में शामिल रही।
नगर पालिका कार्यालय में दिलाई गई शपथ
अभियान के पहले दिन नगर पालिका परिषद अकबरपुर कार्यालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संचारी रोगों की रोकथाम तथा शहर को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाने की शपथ ली। इसके बाद नगर के चिन्हित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया।
दो वार्डों में युद्ध स्तर पर चला सफाई अभियान
नगर पालिका ने अभियान की शुरुआत नेहरू नगर और गौसपुर वार्ड से की। दोनों वार्डों में नालों और नालियों की सघन सफाई कराई गई। सड़कों की पटरियों और खाली स्थानों पर उगी घास को हटाया गया। जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई के साथ सुरक्षित जल निकासी की व्यवस्था भी की गई।
मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए जलभराव वाले स्थानों और नालियों में एंटी लार्वा दवा, मैलाथियान, ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही वार्डों में फॉगिंग भी कराई गई, ताकि मच्छरों की संख्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।









