अम्बेडकरनगर। महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) की ओर से आयोजित 39वीं यूजी पीडियाट्रिक क्विज में टीम ‘सी’ ने प्रथम स्थान हासिल किया। जीत के साथ टीम ने डिविजनल राउंड के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।
सोमवार को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. मुकेश यादव की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता में एमबीबीएस छात्रों की छह टीमों ने हिस्सा लिया।
क्लिनिकल समझ और त्वरित उत्तरों पर परखी गई प्रतिभा
क्विज में प्रतिभागियों से चिकित्सा ज्ञान, क्लिनिकल समझ और त्वरित उत्तर क्षमता से जुड़े सवाल पूछे गए। विभिन्न चरणों में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंत में टीम ‘सी’ को विजेता घोषित किया गया।
गोरखपुर में होगा अगला मुकाबला
क्विज को-ऑर्डिनेटर प्रोफेसर डॉ. विजय यादव रहे। क्विज मास्टर सहायक आचार्य डॉ. अबरार अहमद और डॉ. अमित गुप्ता ने प्रतियोगिता का संचालन किया। आयोजन में शिशु रोग विभाग के चिकित्सकों और रेजिडेंट डॉक्टरों का सहयोग रहा।
विजेता टीम अब बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में आयोजित होने वाले डिविजनल राउंड में महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. मुकेश यादव ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान और आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।









