अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। निर्वाचन से जुड़ी शिकायतों, समस्याओं और सुझावों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह 24 घंटे चालू रहेगा।
6 दिसंबर को समाप्त हो रहा सदस्य का कार्यकाल
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की 22 सितंबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। रिक्त होने वाली सीट पर चुनाव कराने के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है।
शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित किसी शिकायत, समस्या या सुझाव के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए 05271-244440 नंबर जारी किया गया है। कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे कार्य करेगा।









