डीएम ने दो योजनाओं की परखी हकीकत

छात्रावास से लेकर पॉलीटेक्निक निर्माण तक औचक निरीक्षण

अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने शुक्रवार को विकास खंड टांडा स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, नाउसांडा और त्वरित आर्थिक विकास निधि से निर्माणाधीन राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, हाजलपट्टी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों स्थानों पर व्यवस्थाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

छात्रों से बातचीत कर जानी व्यवस्थाओं की स्थिति

राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, नाउसांडा के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास में रह रहे छात्रों से बातचीत कर आवास, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से उपलब्ध सुविधाओं के बारे में सीधे फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का भी आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह के माध्यम से संचालित होने वाली ‘प्रेरणा कैंटीन’ को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि छात्रावास में रहने वाले छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित हों।

छात्रावास की व्यवस्थाएं बेहतर रखने पर जोर

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास की नियमित निगरानी करने और साफ-सफाई, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप छात्रावास की सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।

निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक कॉलेज की भी की समीक्षा

इसके बाद जिलाधिकारी ने त्वरित आर्थिक विकास निधि के तहत निर्माणाधीन राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, हाजलपट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के स्थानिक अभियंता और जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button