केंद्र सरकार ने 23 और आतंकियों को किया घोषित

JeM, LeT, TRF और JuD से जुड़े होने का आरोप

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ गतिविधियों में शामिल 23 लोगों को आतंकवादी घोषित किया है। सरकार के अनुसार, ये सभी प्रतिबंधित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद (JeM), लश्कर-ए-तैयबा (LeT), द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) और जमात-उद-दावा (JuD) से जुड़े हुए हैं। इनके नाम शामिल होने के बाद देश में घोषित आतंकियों की कुल संख्या बढ़कर 80 हो गई है।

सरकार के मुताबिक, घोषित किए गए ये सभी लोग आतंकियों की भर्ती, भारत में घुसपैठ कराने, आतंकी हमलों की साजिश रचने, आतंक के लिए फंड जुटाने, हथियारों की आपूर्ति और अन्य तरह की मदद करने जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

जारी सूची में शामिल 23 लोगों में से 6 जम्मू-कश्मीर के मूल निवासी हैं, जबकि 17 पाकिस्तान के रहने वाले बताए गए हैं। इनमें 7 लोग पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और 10 पाकिस्तान में रह रहे हैं।

सरकार के अनुसार, सूची में शामिल कुछ जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी वर्ष 2016 के नगरोटा आर्मी कैंप हमले और 2022 के सुनजवां आतंकी हमले से भी जुड़े रहे हैं। नगरोटा हमले में सेना की वर्दी पहनकर आए आतंकियों ने सात जवानों को शहीद कर दिया था, जबकि सुनजवां हमले में सीआईएसएफ के जवानों को ले जा रही बस को निशाना बनाया गया था। उस हमले की जिम्मेदारी द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button