आकांक्षा ने बायसेक्सुअल होने की बात कही

रियलिटी शो में निजी जिंदगी पर खुलकर बोलीं, सोशल मीडिया पर बयान को लेकर छिड़ी बहस

टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला ने एक रियलिटी शो के दौरान अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि शादी से पहले वह बायसेक्सुअल थीं और उनका कुछ लड़कियों के साथ रिलेशनशिप भी रहा है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

‘लॉक अप सीजन 2’ के एक एपिसोड में आकांक्षा ने कहा कि शादी से पहले वह कुछ लड़कियों के साथ रिश्ते में रही थीं। उन्होंने बताया कि उन्हें लड़कियां पसंद हैं, वे उनकी ओर आकर्षित होती हैं और उनके साथ खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके रिश्ते बहुत ज्यादा अंतरंग नहीं थे।

आकांक्षा के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे चर्चा बटोरने का तरीका बताया। कुछ लोगों ने दावा किया कि ऐसे बयान रियलिटी शो की टीआरपी बढ़ाने के लिए दिए जाते हैं, जबकि कुछ ने इसे पहले से तय स्क्रिप्ट का हिस्सा बताया।

इससे पहले भी आकांक्षा ने इसी शो में अपने पति और अभिनेता गौरव खन्ना से अलग होने का ऐलान किया था। उन्होंने बताया था कि वह मां नहीं बनना चाहतीं, जबकि समय के साथ गौरव की इच्छा बच्चों की ओर बढ़ गई। इसी मतभेद के कारण दोनों ने अलग होने का फैसला किया।

आकांक्षा ने यह भी बताया कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। वहीं, गौरव खन्ना ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि उनके मन में आज भी आकांक्षा के लिए उतना ही प्यार और सम्मान है तथा वह हमेशा उनका समर्थन करेंगे।

गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला की मुलाकात टीवी इंडस्ट्री में काम करने के दौरान हुई थी। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 24 नवंबर 2016 को कानपुर में शादी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button