नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दो तस्वीरें साझा कर उन पर तंज कसा है। कंगना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर दोनों तस्वीरों का कोलाज पोस्ट किया और उसके साथ लिखा- ‘संस्कार अपने-अपने’। उनकी इस पोस्ट को राहुल गांधी और उनके परिवार से जुड़े हालिया बयान पर राजनीतिक टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है।
कंगना की ओर से साझा किए गए कोलाज में पहली तस्वीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की है, जिसमें वह अपनी मां के सामने झुककर उनका आशीर्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं। दूसरी तस्वीर में राहुल गांधी अपनी मां और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी का चेहरा सहलाते नजर आ रहे हैं। कंगना ने इस तस्वीर में सोनिया गांधी के चेहरे पर लाल रंग का सर्कल भी लगाया है।
तस्वीरों के जरिए राहुल गांधी पर निशाना
कंगना ने दोनों तस्वीरों को एक साथ साझा करते हुए कोई लंबा बयान नहीं लिखा। उन्होंने सिर्फ ‘संस्कार अपने-अपने’ टिप्पणी की। हालांकि, तस्वीरों के चयन और उनके साथ लिखे गए शब्दों को राहुल गांधी पर निशाने के रूप में देखा जा रहा है।
एक तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी अपनी मां के प्रति सम्मान जताते हुए झुककर आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं, जबकि दूसरी में राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। कंगना ने इन दोनों दृश्यों को आमने-सामने रखकर अपनी राजनीतिक टिप्पणी की है।
राहुल गांधी के पारिवारिक किस्से के बाद आई पोस्ट
कंगना की यह पोस्ट राहुल गांधी के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के पारिवारिक जीवन से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था। राहुल के इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच राजनीतिक बहस शुरू हो गई।









