बुंदेलखंड में कांग्रेस की चुनावी रणनीति तय करने के लिये बांदा पहुंचे भूपेश बघेल

बाँदा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुंदेलखंड के लिये कांग्रेस की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिये पार्टी के पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को दो दिवसीय बुंदेलखंड दौरे पर बांदा पहुंचे।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बुंदेलखंड से अपना पुराना नाता बताते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने से पहले वह अक्सर बुंदेलखंड आते थे। बाँदा पहुंचने से पहले उन्होंने कालिंजर स्थित नीलकंठ मंदिर में पूजा अर्चना की।

बांदा पहुंचने पर पुलिस लाइन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान वह यहां पटेल समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि मध्य प्रदेश के विभाजन के पहले बुंदेलखंड क्षेत्र में पार्टी के लिये काम कर चुके हैं। इसलिये पार्टी नेतृत्व ने उन्हें विधानसभा चुनाव के लिये कांग्रेस का पर्यवेक्षक बनाया है। उन्होंने कहा कि वह दो दिन के प्रवास के दौरान वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पार्टी की चुनावी रणनीति पर चर्चा एवं समीक्षा करेंगे। बुधवार को संवाददाता सम्मेलन कर पार्टी की बुंदेलखंड में चुनावी रणनीति का खुलासा कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button